ताजा खबर
अध्यक्ष पद पर सरिता मिश्रा की जीत, मिले 1949 मत
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कवर्धा, 4 जून। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में कमल खिला। यहां भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा की जीत हुई।
नगर पालिका उप निर्वाचन 2026 के अंतर्गत नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद के लिए एक जून को हुए मतदान की मतगणना आज गुरुवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
मतगणना उपरांत घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा को 1,949 मत, इंडियन नेशनल कांग्रेस के रोशन वैष्णव को 1,187 मत, निर्दलीय प्रत्याशियों अजय यादव को 1,018 मत, डाकेश्वर श्रीवास को 25 मत, महादेव कुम्भकार को 17 मत तथा गुलशन कुमार गंधर्व को 10 मत प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त नोटा के पक्ष में 31 मत दर्ज हुए थे। प्राप्त मतों के आधार पर रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा सरिता संतोष मिश्रा को नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद हेतु निर्वाचित घोषित किया गया।
मतगणना पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सहसपुर लोहारा में प्रात: 8 बजे प्रारंभ हुई। मतगणना हेतु 15 गणना टेबल लगाए गए थे। प्रत्येक गणना टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक एवं एक गणना सहायक की ड्यूटी लगाई गई थी। मतगणना की प्रक्रिया एक ही चक्र (राउंड) में पूर्ण की गई। मतगणना के दौरान आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थी तथा पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।


