ताजा खबर
कांकेर, 3 जून। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के तहत कांकेर पुलिस, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिदूर के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 3 टिफिन आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए। प्रत्येक आईईडी का वजन लगभग 3 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस के अनुसार बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा तथा 83वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी अरुण सिंह गंगवार के निर्देशन में जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत संयुक्त बल द्वारा यह कार्रवाई की गई।
बरामद आईईडी को बीडीएस टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया, जिससे किसी संभावित बड़ी घटना को टाल दिया गया। अभियान में बीएसएफ के एसी अमित कुमार, अरुण कुमार गौतम तथा बीडीएस टीम कमांडर मनोज कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी चलाया जाएगा।


