ताजा खबर

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
03-Jun-2026 12:52 PM
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

8 करोड़ से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 3 जून। शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश में भारी मुनाफे का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बिलासपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी रजत तोमर को गिरोह का प्रमुख संचालक बताया जा रहा है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र की नर्मदा नगर कॉलोनी निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ दिलाने का लालच देकर उससे 17 लाख 21 हजार 100 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की गहन जांच शुरू की।

इस मामले में पहले ही चार आरोपियों, मुकेश कुमार दास, केशव साव, संदीप कुमार चंद्रा उर्फ विक्की और शिशिर राठौर को गिरफ्तार किया जा चुका है। आगे की जांच में गिरोह के सक्रिय सदस्य रजत तोमर को भी दुर्ग से गिरफ्तार किया गया।

जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोपी संदीप कुमार चंद्रा के बैंक खाते से गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में पांच साइबर शिकायतें जुड़ी मिलीं। वहीं मुकेश कुमार दास के तीन बैंक खातों के खिलाफ 13 शिकायतें दर्ज पाई गईं। इन खातों से जुड़े संदिग्ध लेन-देन की राशि लगभग 8 करोड़ रुपये बताई गई है।

साइबर पुलिस ने केशव साव के एक्सिस बैंक खाते में जमा लगभग 99 लाख रुपये और शिशिर राठौर के खाते में करीब 1 लाख रुपये फ्रीज कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार रजत तोमर गिरोह के लिए बैंक खाते जुटाने, खाताधारकों को लालच देकर जोड़ने और साइबर अपराध से प्राप्त रकम को विभिन्न खातों में स्थानांतरित कराने का काम करता था। उसके कब्जे से विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पासबुक, मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।

एनसीआरपी पोर्टल से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों के खातों के खिलाफ देश के कई राज्यों में शिकायतें दर्ज हैं, जिससे यह स्पष्ट हुआ है कि गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।


अन्य पोस्ट