ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 3 जून। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कोरबा और रायपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा देने का फैसला किया है। रेलवे ने 18249/18250 और 18251/18252 हसदेव एक्सप्रेस की सेवाओं का विलय कर इसे नियमित दैनिक ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है।
वर्तमान में 18249/18250 रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन चलती है, जबकि 18251/18252 हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन संचालित होती है। दोनों ट्रेनों की सेवाओं को एकीकृत कर अब 1 अगस्त 2026 से 18249/18250 कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस प्रतिदिन चलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था से यात्रियों को दो अलग-अलग ट्रेन नंबर और परिचालन दिनों की जानकारी याद रखने की जरूरत नहीं होगी। एक ही ट्रेन नंबर के साथ रोजाना सेवा उपलब्ध होने से यात्रा की योजना बनाना अधिक आसान और सुविधाजनक होगा।
हसदेव एक्सप्रेस में कुल 15 आधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगाए जाएंगे। एलएचबी कोच बेहतर सुरक्षा, आरामदायक यात्रा और उच्च गति के लिए जाने जाते हैं। ।


