ताजा खबर

सुशासन तिहार में 18.50 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन
03-Jun-2026 12:47 PM
सुशासन तिहार में 18.50 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

तोखन साहू और अरुण साव ने कहा-न्यायधानी के विकास में संसाधनों की नहीं होगी कमी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 3 जून। सुशासन तिहार के तहत मंगलवार को पुतरीबाई स्कूल सामुदायिक भवन में आयोजित जिला स्तरीय शहरी समाधान शिविर में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और जिले के प्रभारी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत 18.50 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

इन कार्यों में अरपा राम सेतु से शनिचरी रपटा तक 12.95 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाली और पिचिंग निर्माण तथा कुंदन पैलेस से सहारे गली होते हुए बस स्टैंड तक 5.55 करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी बॉक्स नाली निर्माण शामिल है।

केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुशासन का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर तेजी से बदलती हुई न्यायधानी के रूप में उभर रहा है और इसके विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है। सुशासन तिहार ने प्रशासन और आम लोगों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम तैयार किया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में जिले में 412.57 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत और क्रियान्वित किए गए हैं।

अरुण साव ने पुतरीबाई सामुदायिक भवन में बाउंड्री वॉल और शौचालय निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति की भी घोषणा की, जिसका उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ वितरित किया। इस अवसर पर नगर निगम सभापति विनोद सोनी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट