ताजा खबर

घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, घबराकर न करें खरीदारी
02-Jun-2026 7:57 PM
घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, घबराकर न करें खरीदारी

तेल कंपनियों की अपील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 जून। वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट में न आएं और अनावश्यक खरीदारी से बचें।

इंडियनऑयल के रायपुर मंडल के खुदरा बिक्री प्रमुख (डीआरएसएच) एवं छत्तीसगढ़ के राज्य स्तरीय समन्वयक नितिन चव्हाण ने बताया कि उभरती वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति में अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा फार्मा, स्टील, ऑटोमोबाइल, बीज और कृषि जैसे महत्वपूर्ण उद्योगों को भी प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। प्रवासी श्रमिकों के लिए पांच किलोग्राम के एफटीएल (फ्री ट्रेड एलपीजी) सिलेंडरों की आपूर्ति भी बढ़ाई गई है।

 

चव्हाण ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों ने मांग और आपूर्ति की सतत निगरानी के लिए कड़े प्रबंध किए हैं। रिफाइनरियों में उत्पादन बढ़ाया गया है और वर्तमान में किसी भी एलपीजी वितरक के यहां गैस की कमी या ड्राई-आउट की स्थिति दर्ज नहीं हुई है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ईंधनों की उपलब्धता संबंधी जानकारी के लिए केवल अधिकृत एजेंसियों और तेल विपणन कंपनियों की आधिकारिक विज्ञप्तियों पर ही भरोसा करें। एलपीजी उपभोक्ताओं से गैस बुकिंग के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने और वितरकों के कार्यालयों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने का आग्रह किया गया है।

इसके अलावा थोक और औद्योगिक उपभोक्ताओं से अपनी आवश्यकता के अनुरूप डीजल की खरीद केवल अधिकृत चैनलों के माध्यम से करने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट