ताजा खबर

अवैध रेत उत्खनन: शिकायत पर पहुंचे पटवारी को चकमा देकर ट्रैक्टर-लोडर समेत फरार हुए चालक
02-Jun-2026 7:41 PM
अवैध रेत उत्खनन: शिकायत पर पहुंचे पटवारी को चकमा देकर ट्रैक्टर-लोडर समेत फरार हुए चालक

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायगढ़, 2 जून।
धरमजयगढ़ क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मांड नदी से सामने आया है, जहां अवैध रेत खनन की शिकायत मिलने पर हल्का पटवारी विकास वर्मा मौके पर जांच के लिए पहुंचे। बताया जा रहा है कि पंचनामा की कार्रवाई के दौरान रेत उत्खनन में लगे वाहन चालकों ने पटवारी को गुमराह कर दिया और ट्रैक्टर व लोडर लेकर मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मांड नदी में अवैध रूप से रेत निकासी की सूचना पर राजस्व अमला जांच के लिए पहुंचा था। जांच और पंचनामा की प्रक्रिया चल ही रही थी कि मौके पर मौजूद चालक अचानक वाहन लेकर भाग निकले।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोडर मुरली यादव, निवासी बाँसजोर (धरमजयगढ़) का बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद हल्का पटवारी विकास वर्मा ने मुख्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने और आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि मांड नदी में लगातार हो रहे अवैध रेत उत्खनन से न केवल राजस्व की क्षति हो रही है, बल्कि नदी के अस्तित्व और पर्यावरण पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट