ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 2 जून। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ब्रह्मपुर में एक हादसे में मोबाइल की पुरानी बैटरी फटने से एक वर्षीय बालक की मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे मासूम ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ब्रह्मपुर निवासी महेंद्र सिंह नेताम का पुत्र आदित्य सिंह (1 वर्ष) 31 मई की शाम अपने भाई-बहनों और अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों के पास मौजूद एक पुरानी मोबाइल बैटरी अचानक फट गई। विस्फोट की चपेट में आने से आदित्य का चेहरा, सीना, पेट और हाथ बुरी तरह झुलस गए।
घटना के समय उसकी मां घर से बाहर पानी भरने गई हुई थी। तेज धमाके की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंची तो मासूम गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। हादसे के बाद आसपास मौजूद अन्य बच्चे घबराकर वहां से भाग गए।
रात में काम से लौटने पर पिता को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल बच्चे को प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से हालत गंभीर होने पर बालक को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
परिजन एक जून को बच्चे को लेकर अंबिकापुर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान मंगलवार तड़के करीब चार बजे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि बच्चों के पास मोबाइल की बैटरी कहां से आई थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पुरानी या क्षतिग्रस्त बैटरी खेलते समय अचानक फट गई, जिससे यह हादसा हुआ।


