ताजा खबर

अफीम संग राजस्थान का एक बंदी
02-Jun-2026 6:35 PM
अफीम संग राजस्थान का एक बंदी

  शिलाजीत बता कर रहा था गुमराह
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 2 जून।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 133.3 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो वह बरामद मादक पदार्थ को शिलाजीत बताकर गुमराह करने की कोशिश करने लगा, लेकिन एफएसएल किट से जांच में पदार्थ अफीम निकला।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गोयल बाड़ी तिराहा, मुख्य मार्ग जगदलपुर के पास अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।

पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम जगदीश चौधरी जगदलपुर (स्थायी पता जोधपुर, राजस्थान) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 133.3 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 66,500 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी मादक पदार्थ रखने का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और अफीम बेचने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 18(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
आरोपी को 2 जून को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट