ताजा खबर

शादी से इनकार करने पर युवती के पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला
02-Jun-2026 2:09 PM
शादी से इनकार करने पर युवती के पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला

पहचान छिपाकर रिश्ता तय करने का आरोप

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 2 जून। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने युवती के पिता पर चाकू से हमला कर दिया। घर के पास स्थित एक गैरेज में मोटरसाइकिल बनवा रहे व्यक्ति पर आरोपी ने ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। आरोपी भी भागते समय गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार कुदुदंड पानी टंकी क्षेत्र का रहने वाला साहिल मरावी सिविल लाइन इलाके की एक युवती से शादी करना चाहता था। परिवार का आरोप है कि युवक ने शुरुआत में खुद को साहिल माणिकपुरी बताकर युवती के परिवार से संपर्क किया और विवाह की बातचीत शुरू कराई।

बाद में परिवार को उसकी वास्तविक पहचान और उपनाम की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने विवाह प्रस्ताव स्वीकार करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि रिश्ता टूटने के बावजूद साहिल लगातार युवती और उसके परिवार पर शादी के लिए दबाव बनाता रहा।

परिजनों का कहना है कि युवक की हरकतों से परेशान होकर वे अपना किराये का मकान छोड़कर दूसरे इलाके में जाने की तैयारी भी कर रहे थे।

सोमवार सुबह करीब 11 बजे युवती के पिता मोहितदास माणिकपुरी घर के पास एक गैरेज में मोटरसाइकिल की मरम्मत करा रहे थे। इसी दौरान साहिल वहां पहुंचा और चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने मोहितदास के सीने और पीठ पर कई वार किए। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई। फुटेज में आरोपी को लगातार छह बार चाकू से वार करते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पीड़ित ने हमलावर का मुकाबला करने और उसे पकड़ने की कोशिश की।

सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की।

बताया गया कि पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन दौड़ते समय गिर पड़ा और उसके पैर में चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले भी साहिल ने सड़क पर युवती के साथ मारपीट की थी, जिससे वह बेहोश हो गई थी। इस मामले की शिकायत लेकर परिजन सिविल लाइन थाने पहुंचे थे, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।

परिजनों का दावा है कि यदि उस समय पुलिस कार्रवाई करती तो सोमवार को हुई चाकूबाजी की घटना टाली जा सकती थी।

 


अन्य पोस्ट