ताजा खबर

नगरीय निकायों में एल्डरमैन नियुक्ति का रास्ता साफ, जल्द होगा फैसला: साव
02-Jun-2026 1:36 PM
नगरीय निकायों में एल्डरमैन नियुक्ति का रास्ता साफ, जल्द होगा फैसला: साव

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

मुंगेली, 2 जून। प्रदेश के नगरीय निकायों में लंबे समय से लंबित एल्डरमैन नियुक्तियों को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा है कि प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और बहुत जल्द इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

उनके इस बयान के बाद प्रदेश के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों से जुड़े राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। लंबे समय से पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नेता इन नियुक्तियों की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब विभागीय मंत्री के बयान से उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस पर औपचारिक घोषणा हो सकती है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि एल्डरमैन नियुक्तियों के माध्यम से नगरीय निकायों में संगठन से जुड़े जमीनी कार्यकर्ताओं और अनुभवी नेताओं को प्रतिनिधित्व मिलने का अवसर मिलेगा। इससे निकायों के कामकाज को गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर समन्वय भी मजबूत होगा।

नगरीय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी स्वयं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के पास है। ऐसे में उनके बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इसे आगामी राजनीतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

साव ने यह जानकारी लोरमी क्षेत्र के ग्राम करुहानार में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान दी। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट