ताजा खबर

विधवा महिला से दुष्कर्म के मामले में दो देवरों पर केस
02-Jun-2026 11:28 AM
विधवा महिला से दुष्कर्म के मामले में दो देवरों पर केस

पति की मौत के बाद अकेले रह रही थी पीड़िता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पेंड्रा-गौरेला-मरवाही, 2 जून। गौरेला थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला की शिकायत पर उसके दो देवरों के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार महिला के पति का लगभग दस वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद वह घर में अकेले रह रही थी। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि इस परिस्थिति का फायदा उठाते हुए उसके दोनों देवरों ने अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला ने पुलिस को बताया कि वह पहले भी मामले की शिकायत कर कानूनी कार्रवाई चाहती थी, लेकिन विभिन्न कारणों से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद तथ्यों की जांच की गई और अब विधिवत अपराध दर्ज कर लिया गया है।

गौरेला थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों घटनाएं अलग-अलग समय, अलग परिस्थितियों और अलग आरोपियों से संबंधित हैं, इसलिए कानूनी रूप से दो स्वतंत्र अपराध दर्ज करना आवश्यक था।

पुलिस के मुताबिक, शिकायत के बाद महिला कुछ समय के लिए दूसरे स्थान पर चली गई थी। संपर्क के लिए उपलब्ध कराया गया मोबाइल नंबर भी लगातार बंद या गलत मिल रहा था, जिसके कारण आगे की कार्रवाई में कठिनाई हुई। महिला के वापस आने के बाद तत्काल दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज की गई।


अन्य पोस्ट