ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 2 जून। राजकिशोर नगर के एक परिवार की खुशियां रविवार को उस समय मातम में बदल गईं, जब 21 वर्षीय युवक की कोटा क्षेत्र स्थित कोरी डैम में डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ घूमने गया युवक नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। कई घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों ने उसका शव बरामद किया।
मृतक राजकिशोर नगर निवासी शोएब शेख (21) रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने मित्र अफजल अहमद और जैनुल आबेदीन के साथ घर से निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि वह एक फार्महाउस जा रहा है।
बताया जाता है कि तीनों दोस्त घूमने के लिए कोटा क्षेत्र के कोरी डैम पहुंच गए। तेज गर्मी के बीच उन्होंने डैम में उतरकर नहाने का फैसला किया। नहाते समय शोएब अचानक गहरे पानी की ओर पहुंच गया। कुछ ही पलों में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा।
दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते शोएब पानी में समा गया। यह पूरा घटनाक्रम उसके दोस्तों की आंखों के सामने हुआ, जिससे वे स्तब्ध रह गए।
सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया। लंबे प्रयास के बाद युवक का शव डैम से बाहर निकाला गया। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी। देर शाम होने के कारण रविवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


