ताजा खबर
बुधवार को रायपुर पहुंचेगा पार्थिव शरीर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जून। पुर्तगाल में हार्ट अटैक से दिवंगत हुए रायपुर के इंटीरियर डिजाइनर का सोमवार को पोस्टमार्टम हुआ। बताया गया कि प्रक्रिया में हो रही देरी पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के हस्तक्षेप के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू हो सकी। अजय निहलानी का पार्थिव शरीर बुधवार को रायपुर पहुंचने की संभावना है।
शैलेन्द्र नगर निवासी 41 वर्षीय अजय सुंदर निहलानी का शुक्रवार को पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में निधन हो गया था। वे करीब 40 लोगों के समूह के साथ पुर्तगाल भ्रमण पर गए थे। यात्रा के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
दिवंगत के भाई संजय कुमार निहलानी ने पार्थिव शरीर की सुपुर्दगी और भारत वापसी (रिपैट्रिएशन) की प्रक्रिया के लिए नीरज बाजपेयी को परिवार का अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त किया था। हालांकि पुर्तगाल के नियमों के अनुसार पोस्टमार्टम अनिवार्य होने के कारण पार्थिव शरीर की वापसी में विलंब हो रहा था।
प्रक्रिया में देरी होने पर परिजनों ने स्पीकर डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर सहायता का अनुरोध किया। इसके बाद डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक अमित शाह द्वारा विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से बातचीत के बाद मामला तेजी से आगे बढ़ा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हो सकी। इस दौरान पुर्तगाल स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारी भी सक्रिय रहे।
निहलानी परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को अजय सुंदर निहलानी का पार्थिव शरीर लिस्बन से दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। इसके बाद बुधवार को रायपुर पहुंचने की उम्मीद है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


