ताजा खबर

निकायों में साढ़े 84, पंचायतों में 78.61 फीसदी वोटिंग
01-Jun-2026 9:08 PM
निकायों में साढ़े 84, पंचायतों में 78.61 फीसदी वोटिंग

4 जून को नतीजे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 जून। राज्य में चल रहे नगरीय निकायों , और पंचायत उपचुनाव में भारी मतदान हुआ। निकायों में 84.58, और पंचायतों में 78.61 फीसदी वोटिंग हुई। मतदान शांतिपूर्ण हुआ। निकायों में वोटों की गिनती 4 जून को होगी।

बताया गया कि राज्य के नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 5 पदों तथा पार्षद के 71 पदों के निर्वाचन के लिए बनाए गए 96 मतदान केंद्रों में कुल 31,928 मतदाताओं में से 27,006 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

पंचायतों में जनपद सदस्य के 10, सरपंच के 34 तथा वार्ड पंच के 107 पदों के निर्वाचन हेतु बनाए गए 274 मतदान केंद्रों में कुल 1,02,797 मतदाताओं में से 79,968 मतदाताओं ने मतदान किया।

आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक नगरीय निकायों में मतदान का समय शाम 5 बजे तक तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों में शाम 3 बजे तक निर्धारित था। जिला निर्वाचन अधिकारियों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नगरीय निकायों में 84.58 प्रतिशत तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों में 78.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

नगरीय निकायों के चुनाव ईवीएम के माध्यम से कराए गए। मॉक पोल के दौरान नगर पंचायत बाम्हनीडीह में एक ईवीएम बदली गई। मतदान के बाद उपयोग में लाई गई ईवीएम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम में रखा गया है।

नगरीय निकायों के मतों की गणना 4 जून 6 को निर्धारित 13 मतगणना स्थलों पर की जाएगी, जिसके लिए 395 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

त्रि-स्तरीय पंचायतों में मतदान मतपेटियों के माध्यम से कराया गया। पंचायत चुनावों में मतदान के बाद सामान्य स्थिति में मतगणना भी मौके पर संपन्न हुई। इनके  परिणामों की घोषणा 4 जून को की जाएगी। 


अन्य पोस्ट