ताजा खबर

अब गाँव में ही मिल रही डिजिटल सरकार की हर सुविधा
01-Jun-2026 7:25 PM
अब गाँव में ही मिल रही डिजिटल सरकार की हर सुविधा

बड़ेकनेरा का 'सेवा सेतु' मॉडल बना ग्रामीण सुशासन का नया उदाहरण, सीएम ने किया निरीक्षण

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोण्डागांव, 1 जून।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में स्थापित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से चर्चा कर योजनाओं की पहुंच और प्रभाव का फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान श्रीमती कौशल्या मानिकपुरी ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से महतारी वंदन योजना की राशि प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की सहायता से खेती-किसानी के साथ-साथ घरेलू जरूरतों को पूरा करने में भी काफी सहूलियत मिल रही है।

इसी प्रकार सुमति मानिकपुरी, अमिल मानिकपुरी और पचमती बघेल ने महतारी वंदन योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बनाया है।

वृद्धावस्था पेंशन एवं महतारी वंदन योजना का लाभ प्राप्त कर रही श्रीमती वेंकटरमणा जंगम से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गरीब, किसान और महिला तक योजनाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 'सेवा सेतु' अभियान और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

'गाँव के द्वार, डिजिटल सरकार' का साकार होता संकल्प
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं को ग्रामीणों तक सहज, सरल और त्वरित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में 'सेवा सेतु' अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अनेक शासकीय और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

एक ही छत के नीचे मिल रही दर्जनों सुविधाएं
अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में आवेदन प्रेषण के लिए मात्र 30 रुपये तथा प्रिंट आउट के लिए 5 रुपये प्रति पृष्ठ की दर से सेवाएं उपलब्ध हैं। यहां आय, मूल निवासी, जाति प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु पंजीयन, विवाह पंजीयन तथा भवन निर्माण अनुज्ञा जैसी आवश्यक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

इसके अलावा नगद आहरण, फंड ट्रांसफर, पेंशन सेवाएं, जीवन, सामान्य एवं कृषि बीमा, पैन कार्ड एवं पासपोर्ट आवेदन, बिजली बिल भुगतान, यात्रा टिकट बुकिंग तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का ऑनलाइन पंजीयन भी इसी केंद्र के माध्यम से किया जा रहा है।

हर माह 15 से 20 लाख रुपये का डिजिटल लेन-देन
अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में 'सेवा सेतु मैनेजर' के रूप में कार्यरत श्री संजय मिश्रा ने बताया कि केंद्र के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 15 से 20 लाख रुपये का डिजिटल ट्रांजेक्शन किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस पहल ने उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर प्रदान किया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हुई है।
ग्रामीणों के समय, श्रम और धन की हो रही बचत

डिजिटल सेवाओं और सुशासन के इस अभिनव मॉडल से ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा के ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध हो रहा है, जिससे समय, श्रम और धन तीनों की बचत हो रही है। बड़ेकनेरा का 'सेवा सेतु' मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण और सुशासन की नई मिसाल बनकर उभर रहा है।


अन्य पोस्ट