ताजा खबर

कोटवार ने बेटों संग की ग्रामीण की हत्या
01-Jun-2026 5:40 PM
कोटवार ने बेटों संग की ग्रामीण की हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 1 जून। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खाना खाने के दौरान हुए विवाद के बाद गांव के कोटवार ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर एक ग्रामीण की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम उरबा में शनिवार की रात गांव के कोटवार हरिराम चौहान 50 साल ने अपने दो बेटों आकाश चौहान 22 साल समेत एक नाबालिग के साथ मिलकर दामोदार राठिया 35 साल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करके उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।

बताया जा रहा है कि बीती रात दामोदर राठिया ने हरिराम चौहान को अपने घर खाना खाने बुलाया था, जहां खाना खाने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई जिसके बाद हरिराम चौहान ने फोन करके अपने बेटों को बुला लिया जिसके बाद तीनों ने मिलकर दामोदर राठिया पर धारदार चाकू से 7 से 8 बार वार कर दिया जिससे लहूलुहान हालत में मौके पर ही दामोदर राठिया की मौत हो गई।

तमनार क्षेत्र के ग्राम उरबा में ग्रामीण की हत्या की खबर मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची जहां मर्ग पंचनामा कार्रवाई पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।


अन्य पोस्ट