ताजा खबर

चांपा में धू-धू कर जली पद्मिनी टॉकीज, पूरी तरह खाक
01-Jun-2026 5:38 PM
चांपा में धू-धू कर जली पद्मिनी टॉकीज, पूरी तरह खाक

तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 1 जून। चांपा शहर के कोरवा पारा क्षेत्र में स्थित पद्मिनी टॉकीज में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से पूरा सिनेमा परिसर जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरे भवन से धुएं के घने गुबार उठने लगे, जिन्हें देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे पद्मिनी टॉकीज परिसर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे एकल स्क्रीन सिनेमा हॉल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही चंपा पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) तथा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं।

आग बुझाने के लिए प्रकाश इंडस्ट्रीज और मड़वा पावर प्लांट की फायर ब्रिगेड को भी लगाया गया। करीब तीन घंटे तक लगातार चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। 

चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। आग का प्रभाव केवल सिनेमा परिसर तक ही सीमित रहा। राहत की बात रही पास में स्थित एक नर्सिंग अस्पताल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इसके अलावा किसी के हताहत होने की भी सूचना नहीं है।

घटना के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराया तथा भीड़ को नियंत्रित किया। अधिकारियों के अनुसार आग से सिनेमा हॉल को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक आकलन में पद्मिनी टॉकीज का पूरा ढांचा प्रभावित होने की बात सामने आई है।

चांपा के संजय नगर क्षेत्र में अनुपम प्लाजा के समीप स्थित पद्मिनी टॉकीज शहर का एक प्रमुख सिनेमा केंद्र माना जाता है। चांपा जंक्शन रेलवे स्टेशन से इसकी दूरी लगभग एक किलोमीटर है।  


अन्य पोस्ट