ताजा खबर
दो कैबिनेट मंत्री बूथों पर डटे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जून। नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान जारी है। मतदान की रफ्तार धीमी है। इनमें विशेषकर पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। खास बात ये है कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत में तो दो कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और राजेश अग्रवाल बूथ पर नजर आए। शिवनंदनपुर नगर पंचायत, श्रीमती राजवाड़े की विधानसभा सीट भटगांव में आता है।
नगरीय निकाय के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के चुनाव ईवीएम से हो रहा है, जबकि पंचायत उपचुनाव के लिए बैलेट पेपर से मतदान चल रहा है। नगरीय निकाय के उपचुनाव दलीय आधार पर हो रहे हैं। लिहाजा यहां राजनीतिक दलों में उत्सुकता है। सोमवार को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। सुबह मतदान की रफ्तार धीमी रही। मतदान केन्द्र के बाहर कांग्रेस, और भाजपा के बड़े नेता मौजूद रहे।
नगरीय निकायों में पार्षद के 71 पदों के लिए 221 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि पांच अध्यक्ष पदों के लिए कांग्रेस-भाजपा समेत कुल 19 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।
बालोद जिले के सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के रोशन वैष्णव और भाजपा की सरिता मिश्रा के बीच कड़ा मुकाबला है। यहां निर्दलीय अजय यादव भी जोर लगा रहे हैं। सहसपुर लोहारा गृह मंत्री विजय शर्मा के विधानसभा क्षेत्र कवर्धा का हिस्सा है। लिहाजा यहां उनकी प्रतिष्ठा भी दांव पर है।
दूसरी तरफ, सूरजपुर जिले की शिवनंदनपुर नगर पंचायत सीट हाईप्रोफाइल हो गई है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी और भाजपा के रितेश जायसवाल के बीच मुकाबला है। आज सुबह से ही दोनों कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, और राजेश अग्रवाल मौजूद थे। लक्ष्मी अपने बच्चे के साथ बैठी थीं। इसके अलावा पापुनि के पूर्व अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल सहित अन्य नेता भी डेरा डाले हुए थे। कांग्रेस से भी तमाम स्थानीय नेता वहां डटे हुए थे। पिछले दिनों पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज कांग्रेस पदाधिकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के मामले में अनशन पर बैठने की वजह से यह सीट चर्चा में रही है। यहां भी मतदान सुबह 10 बजे तक 20 फीसदी तक हुआ था।

इससे परे, राजनांदगांव जिले के घुमका नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की फूलमती वर्मा और भाजपा की किरण वर्मा के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती वर्मा यहां की सरपंच रह चुकी हैं और भाजपा प्रत्याशी किरण वर्मा को पहले हरा चुकी हैं। यहां भाजपा प्रत्याशी के लिए सरकार के मंत्री भी मेहनत कर रहे हैं। वहीं फूलमती के चुनाव की कमान विधायक दलेश्वर साहू और विधायक हर्षिता बघेल संभाल रहे हैं। यहां कांटे की टक्कर है।
इसी तरह जांजगीर-चांपा जिले की नवगठित बम्हनीडीह नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के रूपेशकुमार डडसेना और कांग्रेस के रामलाल सहारे के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव प्रचार की कमान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल संभाल रहे हैं। बालोद के घूमका नगर पंचायत अध्यक्ष में कांग्रेस के यानेश साहू, और भाजपा के लखनलाल गुरपंच के बीच मुकाबला है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत तमाम प्रमुख कांग्रेस नेता यहां प्रचार कर चुके हैं। चुनावी मुकाबला काफी नजदीकी होने के आसार हैं।


