ताजा खबर

सराफा कारोबारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ा सुराग
01-Jun-2026 12:12 PM
सराफा कारोबारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ा सुराग

जंगल से बरामद हुए जले हुए आभूषण के सामान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 1 जून। कोटमी साप्ताहिक बाजार में सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लाखों रुपये की लूट के चर्चित मामले में पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने कोटमी चौकी क्षेत्र के तिलोरा गांव स्थित बोदरा टोला जंगल से जले हुए सामान बरामद किए हैं, जिनका संबंध ज्वेलरी कारोबार से बताया जा रहा है।

बरामद सामग्री में आभूषण निर्माण में उपयोग होने वाले स्क्रू, मोती और ज्वेलरी बॉक्स शामिल हैं। ये सभी वस्तुएं जली हुई अवस्था में मिलीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात के बाद आरोपियों ने लूटे गए माल से जुड़े कुछ सामान जंगल में जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। यह भी संभावना जताई जा रही है कि बरामद सामग्री का संबंध लूटे गए आभूषणों से हो सकता है।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि घटना के अगले दिन जंगल क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां देखी गई थीं। जिस स्थान से सामग्री बरामद हुई है, वह घना जंगल कोरबा और एमसीबी जिले की सीमा से लगा हुआ क्षेत्र है। इसके चलते पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आरोपी वारदात के बाद जंगल के रास्ते सीमा क्षेत्रों की ओर भागे हो सकते हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा ने बताया कि जंगल से मिली सामग्री जांच के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मामले के हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है और विभिन्न जिलों की पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।

गौरतलब है कि मंगलवार को कोटमी के साप्ताहिक बाजार में दिनदहाड़े सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद बदमाश लाखों रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पुलिस ने इस हत्याकांड की जानकारी देने या आरोपियों तक पहुंचने में मदद करने वालों के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की है।  


अन्य पोस्ट