ताजा खबर

महिला डॉक्टर ने ड्राइवर पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, एफआईआर होते ही फरार
01-Jun-2026 12:06 PM
महिला डॉक्टर ने ड्राइवर पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, एफआईआर होते ही फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 1 जून। जिले के पशु चिकित्सा विभाग में कार्यरत एक महिला डॉक्टर ने अपने ही विभाग के वाहन चालक पर छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

महिला थाना से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित डॉक्टर ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने विभागीय चालक रूपेश थवाइत पर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया। शिकायत में कहा गया है कि चालक लंबे समय से उनका पीछा करता था और बार-बार फोन कर अश्लील बातें करता था। इसके अलावा वह आपत्तिजनक और अभद्र संदेश भी भेजता था।

डॉक्टर ने अपने बयान में बताया कि शुरुआत में उन्होंने इन हरकतों को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी का व्यवहार लगातार बढ़ता गया। आरोप है कि वह फोन पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करता था और मानसिक रूप से परेशान करता था।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब महिला डॉक्टर ने उसके व्यवहार का विरोध किया, तो आरोपी धमकियां देने लगा। वह खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताकर कहता था कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इन परिस्थितियों के कारण महिला डॉक्टर लगातार तनाव में रहने लगीं।

लगातार हो रही कथित प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार उन्होंने महिला थाना पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 78, 79 और 351(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।  


अन्य पोस्ट