ताजा खबर
उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद के खोड़ा इलाक़े में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य अभियुक्त की रविवार की सुबह एक पुलिस एनकाउंटर में घायल होने के बाद मौत हो गई.
अब उत्तर प्रदेश सरकार ने सूर्या के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने का एलान किया है. इसके अलावा एक संविदा की नौकरी देने का भी एलान हुआ है.
उत्तर प्रदेश के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा, "उनके परिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा पांच लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है. स्थानीय स्तर पर ज़िलाधिकारी और हम सब ने मिलकर तय किया है कि उनके परिवार से किसी एक व्यक्ति को तत्काल नगर पालिका में संविदा पर रखा जाएगा."
उन्होंने सूर्या की हत्या को जघन्य अपराध बताया और कहा, "हम सब लोग उनके परिवार के साथ खड़े हैं. जिसने हत्या की थी उसे दंड भी मिल गया."
पुलिस के मुताबिक़, बाइक चलाने को लेकर असद और सूर्या में झगड़ा हुआ था, इसके बाद असद ने सूर्या को चाकू मारा था.
इस घटना के बाद मुख्य अभियुक्त असद फ़रार था. उस पर 50 हज़ार रुपये का ईनाम था. (bbc.com/hindi)


