ताजा खबर

हिमाचल में भीषण सडक़ हादसा, भिलाई के एक ही परिवार के 4 समेत 8 मौतें
31-May-2026 6:05 PM
हिमाचल में भीषण सडक़ हादसा,  भिलाई के एक ही परिवार के 4 समेत 8 मौतें

  500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, मृतकों में 2 बच्चे भी  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
भिलाई नगर, 31 मई।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक भीषण सडक़ हादसे की खबर सामने आई है। यहां के तीखे मोड़ों और दुर्गम रास्तों पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो मासूम बच्चों समेत 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में छत्तीसगढ़ के भिलाई के एक परिवार के 4 शामिल हैं, जो लंबे समय से बेंगलुरु में रह रहा था।

बर्फबारी देखने जा रहे थे 
मिली जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु में रहकर जॉब करने वाले भिलाई निवासी अरविंद चंद्राकर अपनी पत्नी पिंकी चंद्राकर, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हिमाचल घूमने आए थे। ये सभी पर्यटक डलहौजी से एक टैक्सी बुक कर बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर बर्फबारी और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने साच पास जा रहे थे। इसी दौरान चुराह उपमंडल के कालावान क्षेत्र के पास शुक्रवार देर रात उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई। खाई की गहराई इतनी ज्यादा थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला।

जीपीएस लोकेशन से हुआ घटना का खुलासा
हादसा शुक्रवार देर रात का है, लेकिन इसका पता शनिवार को चला। जब टैक्सी काफी देर रात तक डलहौजी वापस नहीं लौटी, तो वाहन मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। उसने तुरंत गाड़ी की जीपीएस लोकेशन ट्रैक की। लोकेशन कालावान क्षेत्र के पास एक ही जगह पर स्थिर दिखाई दे रही थी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई और पुलिस को सूचना दी गई।

 

खराब मौसम और नेटवर्क विहीन क्षेत्र में रस्सियों के सहारे निकाले शव
घटनास्थल बेहद दुर्गम और खड़ी पहाडिय़ों वाला क्षेत्र होने के कारण शनिवार को रेस्क्यू टीम को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पथरीला रास्ता, खराब मौसम और मोबाइल नेटवर्क न होने की वजह से प्रशासन और बचाव दल के बीच तालमेल बिठाना मुश्किल हो रहा था।

इसके बाद आज सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। गहरी खाई होने के कारण बचावकर्मियों ने ह्यूमन चेन बनाई और रस्सियों के सहारे एक-एक कर सभी 8 शवों को कड़ी मशक्कत के बाद सडक़ तक पहुंचाया।

दुर्ग पुलिस को दी गई सूचना
हिमाचल पुलिस ने हादसे की जानकारी दुर्ग पुलिस को साझा की, जिसके बाद शनिवार रात को ही भिलाई में रह रहे उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। खबर मिलते ही पीडि़त परिवार के कुछ सदस्य हिमाचल के लिए रवाना हो चुके हैं। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती तौर पर ड्राइवर को झपकी आना, सडक़ पर फिसलन, तेज रफ्तार या गाड़ी में आई किसी तकनीकी खराबी के पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट