ताजा खबर

ग़ाज़ियाबाद: छात्र सूर्या की हत्या के अभियुक्त को एनकाउंटर में मारे जाने का दावा
31-May-2026 11:35 AM
ग़ाज़ियाबाद: छात्र सूर्या की हत्या के अभियुक्त को एनकाउंटर में मारे जाने का दावा

उत्तर प्रदेश पुलिस ने ग़ाज़ियाबाद के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के अभियुक्त असद के एनकाउंटर में मारे जाने का दावा किया है.

पुलिस के मुताबिक असद रविवार तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया था, बाद में उसकी मौत हो गई.

ग़ाज़ियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने एनकाउंटर की पुष्टि की है.

पीटीआई के मुताबिक़, खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी के रहने वाले सूर्या चौहान को 28 मई को एक विवाद के दौरान चाकू मारा गया था. पहले उसे एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में नोएडा के एक निजी अस्पताल में रेफ़र किया गया, जहां उसकी मौत हो गई.

सूर्या के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया था. घटना के तुरंत बाद तीन अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य अभियुक्त असद फ़रार था. उसकी गिरफ़्तारी की जानकारी देने पर 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी.

पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बयान में कहा कि खोड़ा इलाके में पुलिस टीम के साथ हुई गोलीबारी में असद घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई.

इससे पहले पुलिस ने कहा था कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अभियुक्त और मृत लड़का दोस्त थे. मोटरसाइकिल चलाने को लेकर विवाद हुआ था, इस दौरान सूर्या को चाकू मार दिया गया. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट