ताजा खबर

जनरल सुब्रमणि ने नए प्रमुख रक्षा अध्यक्ष का पदभार संभाला
31-May-2026 9:55 AM
जनरल सुब्रमणि ने नए प्रमुख रक्षा अध्यक्ष का पदभार संभाला

नयी दिल्ली, 31 मई। जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने रविवार को भारत के नए प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) का पदभार संभाल लिया। उनके सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी महत्वाकांक्षी थिएटराइजेशन योजना को लागू करना और तीनों सेनाओं के बीच समन्वय को और मजबूत करना होगी।

जनरल सुब्रमणि ने जनरल अनिल चौहान का स्थान लिया है, जिन्होंने शनिवार को देश के वरिष्ठतम सैन्य कमांडर के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया।

पाकिस्तान और चीन मामलों के विशेषज्ञ माने जाने वाले जनरल सुब्रमणि इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (एनएससीएस) में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत थे। वह पिछले वर्ष 31 जुलाई को सेना के उप प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष के रूप में जनरल सुब्रमणि का प्रमुख दायित्व थिएटराइजेशन मॉडल को लागू करना होगा, जिसके तहत एकीकृत सैन्य कमान स्थापित की जाएगी।

चार दशक से अधिक लंबे सैन्य करियर में जनरल सुब्रमणि ने विभिन्न प्रकार के संघर्ष क्षेत्रों और भौगोलिक परिस्थितियों में सेवाएं दी हैं। उन्होंने सेना में अनेक कमान, स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

उन्होंने एक जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक सेना के उप प्रमुख के रूप में कार्य किया। इससे पहले वह मार्च 2023 से जून 2024 तक मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रहे थे। (भाषा)


अन्य पोस्ट