ताजा खबर
बेंगलुरु, 30 मई। कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने गए डी.के. शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि वह और उनकी पार्टी समर्पण, ईमानदारी और उद्देश्यपूर्ण भावना के साथ राज्य की जनता की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार तीन जून को मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभालेंगे।
कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता चुने जाने के तुरंत बाद, शिवकुमार ने लोक भवन में राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें अपनी टीम के सदस्यों के साथ राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए आमंत्रित किया। शपथ ग्रहण समारोह तीन जून को शाम चार बजकर पांच मिनट पर लोक भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा।
शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज विधान सौध में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने पर मैं विनम्र और सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम राज्य की जनता की समर्पण, ईमानदारी और उद्देश्यपूर्ण भावना के साथ सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ (भाषा)


