ताजा खबर
बेंगलुरु, 30 मई। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार को शनिवार को पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया, जिससे उनके राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया। यह जानकारी पार्टी सूत्रों ने दी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को विधान सौध में हुई बैठक के दौरान विधायक दल के नये नेता के रूप में शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा।
यह बैठक कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल और पार्टी के कर्नाटक मामलों के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में हुई।
सूत्रों ने बताया कि हालांकि, नये नेता के चयन के लिए विधायक दल की बैठक के दौरान कुछ समय के लिए विराम लिया गया और सिद्धरमैया, वेणुगोपाल और सुरजेवाला सहित शीर्ष नेता विचार-विमर्श के लिए अलग कमरे में चले गए।
शिवकुमार का नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह तीन जून को यहां लोक भवन के ग्लास हाउस में होगा।
सिद्धरमैया सरकार में शिवकुमार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।
सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने अगले दिन उनका इस्तीफा स्वीकार करके मंत्रिपरिषद भंग कर दी। (भाषा)


