ताजा खबर

अमान वीरानी केस में नया मोड़ : जमानत निरस्त कराने पुलिस जाएगी कोर्ट
30-May-2026 6:26 PM
अमान वीरानी केस में नया मोड़ : जमानत निरस्त कराने पुलिस जाएगी कोर्ट

  3 दर्जन से अधिक महिलाओं-लड़कियों का अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेलिंग का मामला  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कोंडागांव, 30 मई।
तीन दर्जन से अधिक महिलाओं और युवतियों को शादी का झांसा देकर उनके अश्लील वीडियो बनाने के मामले के आरोपी अमान वीरानी को पुन: हिरासत में लेने के लिए कोंडागांव पुलिस न्यायालय में अपील की तैयारी कर रही है। आरोपी वर्तमान में उच्च न्यायालय से मिली जमानत पर है।

अमान वीरानी केशकाल का निवासी है। कोंडागांव पुलिस उसके खिलाफ पीडि़त युवतियों पर दबाव बनाने संबंधी शिकायतों की जांच कर रही है। कोंडागांव के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने शुक्रवार को केशकाल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में जमानत की कुछ शर्तों के उल्लंघन के संकेत मिले हैं।

अमान वीरानी के खिलाफ लगभग एक वर्ष पहले एक महिला अधिकारी ने दोस्ती कर अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल फोन की जांच में तीन दर्जन से अधिक महिलाओं और युवतियों के अश्लील वीडियो मिलने का दावा किया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन लगभग तीन माह बाद उसे उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई। हाल ही में एक -दो महिलाओं द्वारा आरोपी पर दबाव बनाने की शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने मामले में फिर सक्रियता दिखाई है।

अमान वीरानी प्रकरण में सामने आए नए तथ्यों की कोंडागांव पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि पीडि़ता के आवेदन पर जांच की गई है तथा जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक की पड़ताल में ऐसे संकेत मिले हैं कि आरोपी संभवत: न्यायालय द्वारा जमानत के दौरान निर्धारित कुछ शर्तों का पालन नहीं कर रहा है।

एसपी ने बताया कि मामले में सामने आए नए तथ्यों की तस्दीक की जा रही है। यदि जांच में यह पुष्टि हो जाती है कि आरोपी ने जमानत की शर्तों का उल्लंघन किया है, तो कोंडागांव पुलिस उसकी जमानत निरस्त कराने के लिए अदालत में अपील दायर करेगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आवश्यक तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है।

 

पीडि़ता द्वारा ई-मेल के माध्यम से की गई शिकायत पर कार्रवाई के संबंध में एसपी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद उनसे संपर्क किया था, लेकिन इसी दौरान उनके सडक़ दुर्घटना में घायल होने और अस्वस्थ रहने की जानकारी मिली। पीडि़ता ने स्वस्थ होने के बाद बयान देने की बात कही थी। वर्तमान में पुलिस लगातार उनके संपर्क में है और उनका बयान जल्द दर्ज किया जाएगा। हालांकि शिकायत से जुड़े अन्य लोगों के बयान लिए जा चुके हैं और उनकी तस्दीक की जा रही है।

अमान वीरानी की वर्तमान स्थिति को लेकर एसपी ने बताया कि उसे उच्च न्यायालय से जमानत मिल चुकी है। जमानत मिलने के बाद वह कुछ समय जगदलपुर में रहा और बाद में अपने गृह क्षेत्र केशकाल लौट आया, जहां वह एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में काम कर रहा है।

आरोपी पर निगरानी रखने के सवाल पर एसपी ने कहा कि न्यायालय से जमानत प्राप्त व्यक्ति पर सामान्य परिस्थितियों में पुलिस निगरानी नहीं रखती। हालांकि यदि जांच में जमानत की शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत उसकी जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई करेगी।

एसपी पंकज चंद्रा ने कहा कि यह एक संवेदनशील मामला है और पुलिस प्रत्येक तथ्य की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट