ताजा खबर
लखनऊ 4 और पुणे 3 दिन ही
रायपुर 29 मई। ईधन की बढ़ती कीमतों से बढ़ते ऑपरेशनल खर्च के चलते एयर इंडिया और इंडिगो ने अपनी उड़ानों को 1 जून अस्थाई रूप से बंद करने का कदम उठाया है। जिससे हजारों यात्रियों का शेड्यूल बिगड़ने की आशंका है।
सोमवार से नए शेड्यूल जारी होने के संकेत हैं। इसमें एयर इंडिया की रायपुर से दिल्ली दोपहर की उड़ान बंद होने वाली है।
इंडिगो की लखनऊ रायपुर भुबनेश्वर उड़ान पहले सात दिन थी वो अब 4 दिन चल रही है।
इंडिगो की पुणे रायपुर चेन्नई उड़ान पहले सातों दिन थी अब हफ़्ते में तीन दिन चलेगी। अगले एक दो दिन में कुछ और फ्लाइट में कटौती होने के संकेत हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया आने वाले महीनों में अपनी घरेलू उड़ानों में 22 फीसदी और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में करीब 27 फीसदी तक की बड़ी कटौती करने जा रही है।
एयरलाइन का साफ कहना है कि विमान ईधन (ATF) की लगातार ऊंची कीमतों के कारण कई रूटों पर उड़ानों का संचालन करना घाटे का सौदा साबित हो रहा था। हालांकि, कंपनी ने भरोसा दिया है कि जैसे ही हालात सामान्य होंगे, इन उड़ानों को फिर से बहाल कर दिया जाएगा।
इस अचानक हुई कटौती से परेशान होने वाले यात्रियों को राहत देते हुए एयर इंडिया ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित लोगों की पूरी मदद की जाएगी। यात्रियों को दूसरी उड़ानों में सीट (Re-accommodation), मुफ्त में यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा (Complimentary Date Changes) या फिर पूरा पैसा वापस दिया जाएगा।


