ताजा खबर
आम महोत्सव का उद्घाटन, मैंगो टूरिज्म की अपार संभावनाएं : डेका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 मई। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव में ढाई लाख रुपये कीमत वाला जापानी मियाजाकी आम आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं नारायणपुर जिले का करीब दो किलो वजनी हाथीझूल आम भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। राज्यपाल रमेन डेका ने शुक्रवार को महोत्सव का उद्घाटन किया। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आम उत्पादन और मैंगो टूरिज्म की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने किसानों से उन्नत किस्मों और आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि महोत्सव में आम की 250 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आम का हमारे जीवन और संस्कृति में विशेष महत्व है। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने में आम की खेती को उपयोगी बताते हुए प्रदेशवासियों से महोत्सव का लाभ लेने की अपील की।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने बताया कि विश्वविद्यालय लगातार तीसरे वर्ष राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन कर रहा है और इसे लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, मालदा, हिमसागर, केसर, अलफांसो, तोतापरी, नीलम, फजली, मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरुणिमा, रत्ना, सिंधु, हाथीझूल, नूरजहां, गुलाब खास, मियाजाकी, टॉमी एटकिन्स और गोल्डन नगेट्स सहित अनेक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं।
उद्घाटन के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने आम उत्पादकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और आमजन उपस्थित रहे।


