ताजा खबर
आरोपी फरार
रायपुर, 29 मई। आजाद चौक के मंगल बाजार गली नंबर 03 में एक विवाद के दौरान युवक पर चाकू नुमा धारदार हथियार से हमले में एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर हमलावर की तलाश शुरू कर दी है।
गुरुवार की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार एक नाबालिग लड़का मंगल बाजार क्षेत्र में पकौड़ा खाने गया था, तभी उसका पुराना दोस्त रोशन सिन्हा वहां पहुंचा और विवाद बढ़ गया। शिकायत के अनुसार, दोनों के बीच पहले पैसों और खाने को लेकर कहासुनी हुई। पीड़ित का कहना है कि उसके दोस्त ने उससे पकौड़ा खिलाने की बात कही, लेकिन जब उसने मना किया तो विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान पुराने झगड़े की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई और रोशन सिन्हा ने हाथ-मुक्कों से हमला किया और अपने पास रखी किसी नुकीली चीज से उसके कुल्हे के नीचे वार कर दिया, जिससे उसे चोट आई। घटना के दौरान मौके पर आसपास मौजूद लोगों ने यह पूरा विवाद देखा और सुना। हमले के बाद पीड़ित किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए एम्स अस्पताल लेकर गए, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इलाज के बाद पीड़ित अपने पिता अशोक यादव के साथ आजाद चौक थाने पहुंचा और घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।


