ताजा खबर

रायपुर में खुले तार होंगे भूमिगत, 242 करोड़ की योजना तैयार
28-May-2026 7:46 PM
रायपुर में खुले तार होंगे भूमिगत, 242 करोड़ की योजना तैयार

  बिजली गुल की समस्या दूर होगी  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर, 28 मई।
आंधी-तूफान और होर्डिंग्स गिरने की वजह से राजधानी रायपुर में घंटों बिजली गुल रहने की समस्या से निजात दिलाने के लिए अंडरग्राउंड केबल बिछाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। बताया गया है कि भारी ट्रैफिक वाली चार प्रमुख सडक़ों पर अंडरग्राउंड केबल बिछाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिस पर करीब 242 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

राज्य पावर कंपनी के एक सीनियर अफसर ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि अंडरग्राउंड इलेक्ट्रिफिकेशन योजना का क्रियान्वयन रायपुर नगर निगम करेगा। पावर कंपनी ने सर्वे के बाद योजना का प्रस्ताव तैयार किया है। बताया गया कि आंधी-तूफान और तेज बारिश के चलते बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को राजधानी रायपुर में महज आधे घंटे की आंधी-बारिश के बाद कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। कई पेड़ और होर्डिंग्स-फ्लैक्स बिजली तारों पर गिर गए, जिससे आपूर्ति प्रभावित हुई।

नगर निगम की पहल पर टाटीबंध से तेलीबांधा, रेलवे स्टेशन से शास्त्री चौक, लाखेनगर से महादेव घाट और एमजी रोड में खुले बिजली तारों की जगह अंडरग्राउंड केबल बिछाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पावर कंपनी की मंजूरी के बाद प्रस्ताव नगर निगम को भेजा जाएगा और निगम अपने संसाधनों से काम कराएगा। इससे पहले भी नगर निगम स्मार्ट सिटी समेत अन्य मदों से कुछ स्थानों पर अंडरग्राउंड इलेक्ट्रिफिकेशन का काम करा चुका है, जहां बेहतर परिणाम मिले हैं।


अन्य पोस्ट