ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 28 मई। राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अब आपात स्थिति में मदद और भी तेज और आसान हो जाएगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की परियोजना कार्यान्वयन इकाई, बिलासपुर ने हाईवे पर अत्याधुनिक आपातकालीन चिकित्सा एम्बुलेंस सेवाएं शुरू की हैं। इन एम्बुलेंसों को पाराघाट टोल प्लाजा और केसला टोल प्लाजा में तैनात किया गया है, ताकि बिलासपुर से रायगढ़ के बीच यात्रा करने वाले लोगों को तुरंत सहायता मिल सके।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक मुकेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लंबी यात्रा पर निकलने से पहले वाहन की तकनीकी जांच जरूर करें और अपने मोबाइल की स्पीड डायल सूची में टोल-फ्री नंबर 1033 दर्ज रखें। उनका कहना है कि हाइवे पर किसी भी संकट की घड़ी में यही नंबर सबसे बड़ी मदद साबित हो सकता है।
एनएचएआई के मुताबिक डायल 1033 सेवा चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगी। यदि हाईवे पर वाहन खराब हो जाए, टायर पंचर हो जाए, इंजन फेल हो जाए, सड़क पर पेड़ गिर जाए, मवेशी आ जाएं या मलबा जमा हो जाए, तो इस नंबर पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है। यात्रा के दौरान किसी यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने पर भी यह सेवा राहत पहुंचाएगी।
टोल प्लाजा, फास्टैग या सुरक्षा संबंधी शिकायतों के लिए भी यही नंबर उपयोगी रहेगा। जैसे ही कोई व्यक्ति 1033 पर कॉल करेगा, एनएचएआई का कॉल सेंटर तुरंत सक्रिय हो जाएगा। कॉलर से घटना की सटीक लोकेशन ली जाएगी और कुछ ही मिनटों में एम्बुलेंस या पेट्रोलिंग वाहन मौके पर पहुंच जाएगा।
यदि कोई घायल होता है, तो उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर भेजा जाएगा। वहीं सड़क पर आई अन्य बाधाओं को क्रेन या पेट्रोलिंग टीम की मदद से हटाया जाएगा, ताकि यातायात प्रभावित न हो।


