ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 28 मई। चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। कोनी पुलिस ने लापरवाही और लोगों की जान खतरे में डालने के आरोप में एर्टिगा कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना रतनपुर-रायपुर मार्ग स्थित निरतु इलाके की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 मई की रात करीब 11:10 बजे से 25 मई की रात 12:30 बजे के बीच एक सफेद एर्टिगा कार तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ रही थी। आरोप है कि चालक ने कार की छत पर एक युवती को बैठाकर स्टंट किया और वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाया। इससे न केवल युवती की जान जोखिम में पड़ी, बल्कि सड़क पर आने-जाने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो गया।
इस मामले में सेंदरी निवासी धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने कोनी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कोनी थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध कायम किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के स्टंट और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग गंभीर हादसों को न्योता देती है। जांच के दौरान घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।


