ताजा खबर
नागरिक वन विभाग की लापरवाही से नाराज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पेंड्रा-गौरेला-मरवाही, 28 मई। गौरेला शहर के सबसे व्यस्त और पॉश माने जाने वाले संजय चौक इलाके में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जंगली भालू बेखौफ होकर रिहायशी बस्तियों के बीच घूमता दिखा। पुराने कृष्णा टॉकीज के खाली मैदान से लेकर आसपास की कॉलोनियों तक भालू की मौजूदगी ने लोगों में दहशत फैला दी।
घटना का वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भालू एक मकान की बाउंड्रीवाल फांदते नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह मकान स्थानीय निवासी दिलीप केड़िया का है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा वन विभाग के खिलाफ बढ़ गया है। नागरिकों का आरोप है कि विभाग केवल कागजी योजनाओं और दावों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर वन्यजीव संरक्षण की स्थिति बेहद खराब है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मरवाही वनमंडल में जामवंत योजना के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन जंगलों में न तो पर्याप्त जलस्रोत विकसित किए गए और न ही वन्यजीवों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। लोगों का आरोप है कि जंगलों में लगातार घटती हरियाली और संसाधनों की कमी के कारण वन्यजीव अब आबादी वाले इलाकों की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं। संजय चौक जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्र तक भालू का पहुंच जाना वन विभाग की निगरानी व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है। लोगों ने कहा कि अगर समय रहते भालू पर नजर नहीं रखी जाती, तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी। घटना के बाद कई परिवारों ने देर रात तक घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया।


