ताजा खबर

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर चर्चा करने जून में आएगा अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल
28-May-2026 8:59 AM
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर चर्चा करने जून में आएगा अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के लिए 1 जून से 4 जून 2026 तक नई दिल्ली में अहम बैठकें होंगी.

प्रेस इन्फ़ॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) के अनुसार, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चीफ़ नेगोशिएटर करेंगे. इस दौरान अंतरिम व्यापार समझौते के मसौदे को अंतिम रूप देने और व्यापक व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी.

सात फरवरी 2026 को भारत और अमेरिका ने एक संयुक्त बयान जारी कर पारस्परिक और दोनों देशों के हित में होने वाले अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा पर सहमति जताई थी.

इसी के तहत भारत की टीम 20 से 23 अप्रैल 2026 के बीच वॉशिंगटन डीसी गई थी, जहां अमेरिकी अधिकारियों के साथ आमने-सामने बैठकें हुई थीं.

अब बातचीत अगला दौर दिल्ली में होगा. बातचीत में मार्केट एक्सेस, गैर-टैरिफ़ बाधाओं, कस्टम और ट्रेड फ़ैसिलिटेशन, निवेश को बढ़ावा देने और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

ग़ौरतलब है कि हाल ही में भारत दौरे पर आए अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर वार्ता के जल्द पूरा होने के संकेत दिए थे.

उन्होंने कहा कहा था, "हमारे व्यापार प्रतिनिधि बहुत जल्द यहां आ सकते हैं. पिछले हफ्ते या उससे पहले भारतीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिका आया था. हमने काफी प्रगति की है और मुझे लगता है कि अमेरिका और भारत के बीच ऐसा व्यापार समझौता होगा जो लंबे समय तक टिकाऊ रहेगा, दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद होगा और हमारे राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखेगा." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट