ताजा खबर
रायपुर, 27 मई। एसीपी अमित तुकाराम कांबले ने कोतवाली में जप्त माल के संधारण, सुरक्षित अभिलेखीकरण एवं पारदर्शी प्रबंधन के लिए “ई-मालखाना” प्रणाली का शुभारंभ किया। यह अभिनव व्यवस्था डीसीपी सेंट्रल ज़ोन कोतवाली प्रभारी सतीश सिंह गहरवार एवं मालखाना मुहर्रिर प्रेमसागर नेताम के प्रयासों से विकसित की गई है। इसमें जप्त सामग्रियों के डिजिटल पंजीयन, बारकोड आधारित पहचान, रैकवाइज संधारण तथा रिकॉर्ड ट्रैकिंग प्रणाली की जानकारी दी गई।
ई-मालखाना प्रणाली लागू करने से पूर्व थाना कोतवाली में उपलब्ध समस्त जप्त माल रैकवाइज वैज्ञानिक संधारण करते हुए A1, A2, B1, B2 आदि श्रेणियों में व्यवस्थित वर्गीकरण किया गया, ताकि प्रत्येक सामग्री का रिकॉर्ड एवं उसकी लोकेशन आसानी से चिन्हित की जा सके।
साथ ही प्रत्येक जप्त सामग्री पर बारकोड लगाए गए तथा सभी सामग्रियों का सॉफ्टवेयर आधारित डिजिटल पंजीयन किया गया। इस व्यवस्था के लागू होने से मालखाने में जप्त वस्तुओं को जमा करना, निर्गत करना एवं आवश्यकतानुसार त्वरित खोज करना अब अत्यंत सरल, व्यवस्थित एवं समयबद्ध हो गया है।
ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से जप्त माल की आवक-जावक, हैंडलिंग एवं रिकॉर्ड की डिजिटल ट्रैकिंग संभव हो सकेगी, जिससे “चेन ऑफ कस्टडी” को सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। प्रत्येक जप्त सामग्री की लोकेशन, मूवमेंट एवं संबंधित अभिलेखों की निगरानी आसान होने से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं दक्षता सुनिश्चित होगी।


