ताजा खबर

साढ़े 9 लाख की साइबर ठगी, बैंक का फरार अफसर बंदी
27-May-2026 3:21 PM
साढ़े 9 लाख की साइबर ठगी, बैंक का फरार अफसर बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दंतेवाड़ा,  27 मई।
दंतेवाड़ा पुलिस ने बैंक लोन की राशि में 9 लाख 50 हजार रुपये का गबन करने वाले फरार आरोपी बैंक अफसर को बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने पिछले वर्ष 10 जुलाई को थाना गीदम में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, प्रार्थी ने 16 फरवरी 2024 को एक्सिस बैंक की गीदम शाखा से अपने संयुक्त खाते के माध्यम से 14 लाख 39 हजार 762 रुपये का कृषि ऋण (एग्रीकल्चर लोन) लिया था। यह खाता एक्सिस बैंक के तत्कालीन फील्ड ऑफिसर प्रवीण शर्मा द्वारा खुलवाया गया था।

दर्ज मामले के अनुसार, बैंक कर्मचारी रहते हुए आरोपी प्रवीण शर्मा ने प्रार्थी का विश्वास जीता और अपने पद का दुरुपयोग किया। आरोप है कि फरवरी और मार्च 2024 के दौरान उसने प्रार्थी को झांसे में रखकर एटीएम, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन व अन्य माध्यमों से खाते से कुल 9 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर राशि निकाल ली। प्रार्थी को जब इस वित्तीय गबन की जानकारी हुई, तो उसने आरोपी से अपनी राशि वापस मांगी। आरोपी द्वारा लगातार टालमटोल किए जाने के बाद वह क्षेत्र से फरार हो गया था।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गीदम में आरोपी के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी), 409 (लोक सेवक या बैंक कर्मी द्वारा विश्वास का आपराधिक हनन) भारतीय दंड संहिता एवं सूचना प्रौद्योगिकी  अधिनियम 2000 की धारा 66 (डी) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने मोबाइल सीडीआर और साइबर लोकेशन का सहारा लिया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार सुबह 9.20 बजे आरोपी प्रवीण कुमार शर्मा, जगदलपुर, जिला बस्तर को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गीदम पुलिस द्वारा आरोपी को दंतेवाड़ा न्यायालय में न्यायिक रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया है।
 


अन्य पोस्ट