ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 27 मई। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और कन्फर्म सीटों की मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने संबलपुर से सांगनेर के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन एक फेरे के लिए संचालित की जाएगी और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के कई प्रमुख स्टेशनों में इसका ठहराव रहेगा।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 08307 सांबलपुर–सांगानेर स्पेशल 29 मई 2026, शुक्रवार को संबलपुर से दोपहर 12:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बिलासपुर मंडल के रायगढ़, बिलासपुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर और शहडोल स्टेशन में ठहरेगी।
ट्रेन रायगढ़ स्टेशन पर दोपहर 3:13 बजे पहुंचेगी, जबकि बिलासपुर स्टेशन में शाम 5:50 बजे आगमन और 6 बजे प्रस्थान का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद ट्रेन पेंड्रारोड, अनूपपुर और शहडोल होते हुए अगले दिन दोपहर 2 बजे सांगानेर पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए गए हैं। इनमें 9 सामान्य कोच, 6 स्लीपर, 2 एसी-3, 1 एसी-2 और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम और छुट्टियों के कारण ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।


