ताजा खबर

मजदूर की बेटी को सुशासन तिहार में मिली 20 हजार की मदद
27-May-2026 1:52 PM
मजदूर की बेटी को सुशासन तिहार में मिली 20 हजार की मदद

पढ़ाई छोड़ने की नौबत तक जा पहुंची थी शिवांगी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 27 मई। आर्थिक तंगी से जूझते परिवारों में अक्सर बेटियों की पढ़ाई सबसे पहले प्रभावित होती है, लेकिन कुदुदंड की रहने वाली शिवांगी के लिए सुशासन तिहार उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत उसे 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली है, जिससे अब उसकी पढ़ाई का रास्ता आसान होता नजर आ रहा है।

मंगला में आयोजित समाधान शिविर में श्रम विभाग की ओर से शिवांगी को सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। यह राशि महापौर पूजा विधानी, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने सौंपा।

शिवांगी एक साधारण मजदूर परिवार से आती है। उसके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण घर की जरूरतें पूरी करना ही मुश्किल होता रहा है। ऐसे हालात में कॉलेज की फीस, किताबें और अन्य शैक्षणिक खर्च जुटाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।

शिवांगी ने बताया कि कई बार आर्थिक परेशानियों के चलते पढ़ाई बीच में छोड़ने का विचार भी आया, लेकिन उसने अपने सपनों को टूटने नहीं दिया। अब सरकार की योजना से मिली सहायता ने उसे नया आत्मविश्वास दिया है।

उसने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि आगे बढ़ने का हौसला है। इस सहायता से वह अपनी पढ़ाई बेहतर तरीके से जारी रख सकेगी और अपने भविष्य को मजबूत बना पाएगी।

चेक मिलने के बाद शिवांगी के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। उसने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार की यह पहल मजदूर परिवारों की बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

गौरतलब है कि सुशासन तिहार के समाधान शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया जा रहा है, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण भी हो रहा है।


अन्य पोस्ट