ताजा खबर

शेयर बाजार और कर्ज के जाल में फंसे पोस्ट ऑफिस कर्मचारी ने किया 19 लाख का गबन, गिरफ्तार
27-May-2026 1:25 PM
शेयर बाजार और कर्ज के जाल में फंसे पोस्ट ऑफिस कर्मचारी ने किया 19 लाख का गबन, गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 27 मई। शेयर बाजार में लगातार नुकसान और बढ़ते कर्ज ने अकलतरा पोस्ट ऑफिस के एक कर्मचारी को गबन के रास्ते पर धकेल दिया। खाताधारकों की जमा रकम में 19 लाख 21 हजार रुपये की हेराफेरी के आरोप में सहायक पोस्टमास्टर संदीप कुमार मिरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले का खुलासा पोस्ट ऑफिस में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के बाद हुआ। संयुक्त जांच टीम ने जांच शुरू की तो पता चला कि अकलतरा पोस्ट ऑफिस में पदस्थ सहायक पोस्टमास्टर संदीप कुमार मिरी ने चार अलग-अलग खाताधारकों के खातों से रकम निकालकर गबन किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से शेयर बाजार में ट्रेडिंग कर रहा था। लगातार घाटे के कारण वह भारी कर्ज में डूब गया था। उस पर विभिन्न बैंकों और डाक विभाग से लिए गए ऋण सहित 20 लाख रुपये से ज्यादा की देनदारी थी।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2021 से शेयर बाजार में निवेश कर रहा था। नुकसान बढ़ने के बाद उसने ग्राहकों के नाम पर फर्जी खाते खोलकर रकम निकालनी शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और ‘ग्रो’ तथा ‘एंजेल वन’ ट्रेडिंग एप से जुड़े डिमैट खाते के दस्तावेज जब्त किए हैं।

जांच में यह भी पता चला कि आरोपी करीब 40 लाख रुपये शेयर बाजार में गंवा चुका था। गबन की रकम का इस्तेमाल वह अपने कर्ज चुकाने में कर रहा था।


अन्य पोस्ट