ताजा खबर
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी
न्यायधानी बिलासपुर में सड़क पर हुआ हंगामा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 27 मई। फैमिली कोर्ट परिसर के बाहर एक महिला को सार्वजनिक रूप से तीन तलाक देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकार संरक्षण) अधिनियम यानी ट्रिपल तलाक कानून समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़िता की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। परेशान होकर महिला मायके लौट आई थी। इसके बाद उसने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया, जिसकी जांच अभी चल रही है।
इसी बीच महिला ने अपने भरण-पोषण के लिए फैमिली कोर्ट में आवेदन भी लगाया। सोमवार को इसी मामले में सुनवाई थी, जहां वह अपने परिजनों के साथ कोर्ट पहुंची।
सुनवाई के दौरान महिला कुछ जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने कोर्ट परिसर से बाहर सड़क की ओर गई। तभी वहां पहले से मौजूद आरोपी पति ने उसे रोक लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला पर परिवार और जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसके बाद उसने सार्वजनिक रूप से-तलाक, तलाक, तलाक कहकर संबंध खत्म करने की घोषणा कर दी। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


