ताजा खबर

क्या सिद्धारमैया छोड़ेंगे सीएम की कुर्सी, दिल्ली में बैठकों के दौर के बाद क्या हुआ फ़ैसला?
27-May-2026 9:41 AM
क्या सिद्धारमैया छोड़ेंगे सीएम की कुर्सी, दिल्ली में बैठकों के दौर के बाद क्या हुआ फ़ैसला?

-इमरान क़ुरैशी

बीबीसी को कांग्रेस के सूत्रों से पता चला है कि कांग्रेस हाईकमान ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से पद छोड़ने को कहा है ताकि डीके शिवकुमार को उनका उत्तराधिकारी बनाया जा सके.

लेकिन अभी इसके बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

दिल्ली में हुई बैठकों के बाद शाम को कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि अभी 'ये सिर्फ अटकलें हैं.'

लेकिन बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को तीन अलग-अलग सूत्रों ने बताया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कथित तौर पर आज पहले सिद्धारमैया को राज्यसभा जाने का सुझाव दिया. लेकिन सूत्रों ने बताया कि सिद्धारमैया ने इससे इनकार कर दिया.

खींचतान

पिछले एक साल से कर्नाटक में नेतृत्व की खींचतान पर चर्चा के लिए सिद्धारमैया और शिवकुमार को दिल्ली बुलाया गया था.

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से पुष्टि की कि "वह (सिद्धारमैया) अगले कुछ दिनों में ख़ुद ही इस्तीफ़ा दे देंगे."

राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस के दफ़्तर में पहले सिद्धारमैया के साथ लंबी बैठक की और फिर उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ छोटी मीटिंग की.

इसके तुरंत बाद वह पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पहुंचे और उनसे मुलाक़ात की.

दोबारा कांग्रेस मुख्यालय लौटने के बाद उन्होंने डीके शिवकुमार के अलावा अन्य नेताओं से मुलाक़ात की.

डीके शिवकुमार की मांग

शिवकुमार खेमे की ओर से पिछले नवंबर से यह मांग की जा रही है कि सिद्धारमैया को उस कथित समझौते के मुताबिक़ पद छोड़ देना चाहिए, जिसके बारे में कहा जाता है कि 2023 में पार्टी के सत्ता में आने के बाद यह तय हुआ था.

अनौपचारिक समझौता यह था कि ढाई साल पद पर रहने के बाद सिद्धारमैया इस्तीफ़ा देंगे, ताकि डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनने का रास्ता मिल सके.

बैठक के अंत में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा, "आप (मीडिया) जो भी अटकलें लगा रहे हैं, वे सिर्फ़ अटकलें हैं."

उन्होंने कहा, "हमने राज्यसभा और विधान परिषद के चुनावों पर चर्चा की. कर्नाटक से चुनाव के उम्मीदवारों के नाम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ आदि के उम्मीदवारों के साथ घोषित किए जाएंगे."

चुनाव प्रक्रिया 18 जून तक पूरी होने की उम्मीद है.

जब उनसे पूछा गया कि क्या कैबिनेट फेरबदल पर कोई चर्चा हुई, तो सिद्धारमैया ने कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, "यह मुद्दा नहीं उठा." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट