ताजा खबर
लूट के बाद सीने में मारी गोली
दुकान बंद करते वक्त वारदात, गुस्साए व्यापारियों ने सड़क जाम कर पुलिस सुरक्षा पर उठाए सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पेंड्रा-गौरेला-मरवाही, 26 मई। जिले के कोटमी साप्ताहिक बाजार में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब हथियारबंद बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बाजार बंद होने के दौरान हुई, जब व्यापारी प्रदीप सोनी अपनी दुकान समेट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश पहुंचे और सोना-चांदी लूटने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने बेहद करीब से उनके सीने में गोली दाग दी।
गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीन युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी लूट का सामान लेकर फरार हो गए। फिलहाल कितने की लूट हुई है, इसका आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत रात्रे ने बताया कि व्यापारी के सीने के दाहिने हिस्से में गोली लगी थी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कितनी गोलियां चलाई गईं।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजन और स्थानीय व्यापारियों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि गुस्साए लोगों ने पुलिस से शव छीन लिया और सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। मौके से खाली कारतूस और खून के निशान बरामद किए गए हैं। जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर, घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले बाजार में इस तरह खुलेआम गोली मारकर लूट की घटना होना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।


