ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन स्थित कार्यालय में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा, खनिज क्षेत्र के विस्तार और आधारभूत संरचना विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में राज्य में कोयला उत्पादन बढ़ाने, खनन क्षेत्रों में अधोसंरचना मजबूत करने, रेल एवं लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी के विस्तार तथा औद्योगिक गतिविधियों को गति देने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, कोयला गैसीकरण, सौर ऊर्जा विकास और खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग के जरिए निवेश एवं रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और केंद्र सरकार के सहयोग से ऊर्जा, खनन एवं औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई संभावनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश अनुकूल वातावरण तैयार करते हुए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के प्रबंध संचालक रजत बंसल, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।


