ताजा खबर

विश्रामपुर थाने के बाहर अनशन पर बैठे बैज
26-May-2026 7:34 PM
विश्रामपुर थाने के बाहर अनशन पर बैठे बैज

  भूपेश बघेल धरने में शामिल, सिंहदेव भी बैठेंगे अनशन पर; कांग्रेस ने फर्जी एफआईआर का लगाया आरोप  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर/रायपुर, 26 मई। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के सामने कांग्रेस का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मंगलवार शाम से आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव भी शामिल हुए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि टीएस सिंहदेव भी दीपक बैज के साथ आमरण अनशन पर बैठेंगे।

कांग्रेस का आरोप है कि सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से भाजपा सरकार ने जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत झूठा मामला दर्ज कराया है। इसी के विरोध में दीपक बैज सोमवार से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ विश्रामपुर थाने के सामने धरने पर बैठे हुए हैं।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर राज्य चुनाव आयुक्त से भी मुलाकात कर चुका है और संबंधित थानेदार को निलंबित करने की मांग की है।

धरना स्थल पर पहुंचे भूपेश बघेल ने आंदोलन को समर्थन देते हुए शिवनंदनपुर नगर पंचायत क्षेत्र में रोड शो करने की भी घोषणा की। वहीं दीपक बैज ने कहा कि भाजपा को अपनी हार का आभास हो गया है, इसलिए वह सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है, इसलिए कांग्रेस अब कार्रवाई होने तक आमरण अनशन जारी रखेगी।

कांग्रेस की मांग है कि जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन पर दर्ज एफआईआर रद्द की जाए, आर्म्स एक्ट की धाराएं हटाई जाएं और संबंधित थानेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

धरना प्रदर्शन में पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, अमरजीत भगत, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व विधायक अंबिका सिंह, गुलाब कमरो, पारसनाथ राजवाड़े, जिला अध्यक्ष शशि सिंह, बालकृष्ण पाठक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट