ताजा खबर
देश की राजधानी दिल्ली में चल रही क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक ख़त्म हो गई है. भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस बैठक से निकले तीन नतीजों के बारे में बताया है.
एस जयशंकर ने एक्स पोस्ट में इस बैठक के तीन नतीजे बताए-
- इंडो-पैसिफ़िक में समुद्र की निगरानी और जानकारी साझा करने पर सहमति बनी. पोर्ट से जुड़ी सुविधाओं पर एक एक्सपर्ट टीम बनाने पर विचार होगा. फ़िज़ी में एक नया पोर्ट प्रोजेक्ट शुरू होगा और अंडर-सी केबल्स पर भी मिलकर काम होगा.
- क्वाड ने क्रिटिकल मिनरल्स (ज़रूरी खनिज) पर अपना फ़्रेमवर्क तय कर लिया है. भारत और अमेरिका ने भी इस पर अलग समझौता किया है. क्वाड इस काम में और देशों को भी साथ ले रहा है.
- इंडो-पैसिफ़िक में ऊर्जा सुरक्षा के लिए क्वाड ने नई पहल शुरू की है. इसमें तकनीक, प्रबंधन, नीतियां, अंतरराष्ट्रीय बाज़ार का विश्लेषण और इमरजेंसी रिस्पॉन्स एक्सरसाइज़ जैसी चीज़ें शामिल हैं.
गौरतलब है कि इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री शामिल हुए. अमेरिका की ओर से मार्को रुबियो, जापान से तोशीमित्सु मोतेगी और ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से पेनी वोंग ने बैठक में हिस्सा लिया. (bbc.com/hindi)


