ताजा खबर

मध्य प्रदेश: पन्ना में निर्माणाधीन कुएँ की मिट्टी धंसने से पांच मज़दूरों की मौत
26-May-2026 6:35 PM
मध्य प्रदेश: पन्ना में निर्माणाधीन कुएँ की मिट्टी धंसने से पांच मज़दूरों की मौत

-विष्णुकांत तिवारी

मध्य प्रदेश के पन्ना ज़िले में एक निर्माणाधीन कुएँ की मिट्टी धंसने से पांच मज़दूरों की मौत हो गई है. हादसा मंगलवार को अजयगढ़ विकासखंड के बीहरपुरवा ग्राम पंचायत के नयापुरवा गांव में हुआ.

पन्ना ज़िला प्रशासन के जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि ग्राम पंचायत की ओर से कुएँ का निर्माण कराया जा रहा था. प्रशासन के अनुसार, हादसे में दो लोग सुरक्षित बाहर निकल आए जबकि पांच लोगों की मौत हुई है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक़, खेत में पिछले क़रीब दस दिनों से कुएँ की खुदाई का काम चल रहा था. ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार दोपहर मिट्टी अचानक भरभराकर ढह गई और कई मज़दूर उसके नीचे दब गए.

ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि हादसे के कई घंटे बाद तक प्रशासनिक राहत कार्य शुरू नहीं हुआ और शुरुआती बचाव की कोशिशें गांव वालों ने खुद कीं.

अब तक की जानकारी के अनुसार गांव के ही चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव, चुनवाद पाल और एक अन्य मज़दूर की मौत हुई है.

मृतकों में एक के रिश्तेदार राकेश यादव ने बीबीसी से कहा, "पिछले साल भी यहां खुदाई हुई थी और पानी भरने की वजह से कुएँ की हालत सही नहीं थी. कोई मज़दूर वहां काम करने को तैयार नहीं था. काम पंचायत के ज़रिए ठेकेदार को दिया गया था. मेरे पिता भी उसी में दब गए."

ग्रामीणों के मुताबिक़, कुएँ के आसपास की मिट्टी पहले से ही कमज़ोर थी और उसके गिरने की आशंका बनी हुई थी.

मृतकों के परिजनों का आरोप है कि मज़दूरों को सामान्य मज़दूरी से अधिक पैसे देने का लालच देकर काम पर बुलाया गया था क्योंकि जगह को ख़तरनाक माना जा रहा था.

फ़िलहाल बचाव कार्य जारी है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट