ताजा खबर
आबकारी मंत्री ने ली विभागीय समीक्षा बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मई। आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने मंगलवार को आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक लेकर प्रदेश में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष अभियान चलाकर पड़ोसी राज्यों से आने वाली अवैध शराब पर रोक लगाने तथा जांच चौकियों में सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। यह बात उभरकर
सामने आई है कि रायपुर और बिलासपुर में आबकारी राजस्व लक्ष्य में 3 फीसदी की कमी आई है। जबकि कुल राजस्व साढ़े 5 फीसदी से अधिक बढ़ोतरी हुई है।
बैठक में वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा, विशेष सचिव देवेन्द्र भारद्वाज, अपर आबकारी आयुक्त आशीष श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्रीदेवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध शराब बिक्री करने वाले कोचियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए और किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि आबकारी उपनिरीक्षक और मैदानी अमला अवैध कारोबारियों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के राजस्व लक्ष्य की जिलेवार समीक्षा भी की गई। लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों को दुकानवार समीक्षा कर विस्तृत कार्ययोजना बनाकर अमल में लाने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने मदिरा दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप शराब की उपलब्धता बनाए रखने, निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री रोकने तथा दुकानों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को मदिरा में किसी प्रकार की मिलावट नहीं होने देने की सख्त हिदायत देते हुए आकस्मिक निरीक्षण बढ़ाने और अनियमितता पाए जाने पर दोषी कर्मचारियों को तत्काल हटाकर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही मदिरा दुकानों में पेटीएम सहित कैशलेस भुगतान को बढ़ावा देने के लिए अलग काउंटर बनाने के निर्देश भी दिए गए।
आबकारी सचिव श्रीमती कंगाले ने बार, क्लब, होटल और ढाबों की आकस्मिक जांच करने तथा निर्धारित समय के बाद संचालन या अवैध शराब बिक्री करने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जरूरत पडऩे पर पुलिस विभाग का सहयोग लेने की बात भी कही।


