ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सारंगढ़, 26 मई। जिला मुख्यालय के अंतर्गत थाना कोसीर क्षेत्र के ग्राम मंडलपारा में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक को बंधक बनाकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करने और उसे आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में उसके दो सगे भाइयों और भाभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नितेश कुमार बनज (पिता स्वर्गीय कौशल प्रसाद बनज, उम्र 28 वर्ष) निवासी मंडलपारा, कोसीर के रूप में हुई है। पिता की मृत्यु के बाद नितेश के खाते में आई राशि के बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
आरोप है कि इसी विवाद के चलते मृतक के बड़े भाई रोशन बनज, भाभी अश्वनी बनज और दूसरे भाई सतीशचंद्र बनज ने नितेश को मानसिक रूप से बीमार बताकर पिछले दो महीनों से घर के एक कमरे में हाथ-पैर में जंजीर और ताला लगाकर बंधक बना रखा था। इस दौरान खाना मांगने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
21 मई को दोपहर लगभग 12 बजे नितेश कुमार ने कमरे की खिड़की में चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद आरोपी भाई सतीशचंद्र बनज ने थाना कोसीर पहुंचकर गुमराह करने के उद्देश्य से मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसने फांसी लगा ली है। पुलिस ने इस सूचना पर मर्ग क्र. 18/2026 धारा 194 बी.एन.एस.एस. के तहत मामला दर्ज कर इसकी सूचना सारंगढ़ एसडीएम को दी।
मर्ग जांच और विवेचना के दौरान मृतक को जंजीरों से बांधकर रखने और गंभीर रूप से प्रताडि़त करने के साक्ष्य सामने आए। पुलिस ने पाया कि आरोपियों द्वारा लगातार दी जा रही शारीरिक और मानसिक यातनाओं से तंग आकर ही युवक ने आत्मघाती कदम उठाया।
प्रथम दृष्टया आरोपियों का कृत्य अपराध की श्रेणी में पाए जाने पर कोसीर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) और 3(5) (समान आशय) के तहत मामला पंजीबद्ध किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों (रोशन बनज व सतीशचंद्र बनज) और भाभी (अश्वनी बनज) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।


